Bhupesh Baghel LIVE: पीएम आवास के दावों पर भिड़े विजय शर्मा और भूपेश बघेल, कांग्रेस सरकार पर उठाए सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीएम आवास योजना के आंकड़ों को लेकर सोमवार को सियासत की बड़ी बहस देखने को मिली। रायपुर प्रेस क्लब में डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आमने-सामने हैं। दोनों नेताओं के बीच पीएम आवास के दावों और आंकड़ों को लेकर लाइव डिबेट जारी है।
डिबेट के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि “मोर आवास मोर अधिकार” आंदोलन भाजपा का था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की पहली कैबिनेट में 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि 25 सितंबर 2023 को कांग्रेस सरकार ने 7 लाख आवास स्वीकृत किए थे, लेकिन उस समय केवल 84 हजार लोगों तक ही राशि पहुंची थी।
विजय शर्मा ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने 11.75 लाख से ज्यादा पीएम आवास पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा पीएम आवास बनाए गए।
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पांच साल के कार्यकाल में केवल 3 लाख पीएम आवास बने। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम आवास नहीं बनने के मुद्दे पर टीएस सिंहदेव ने इस्तीफा दिया था।

