Raipur News: प्रेम संबंध के बाद खूनी वारदात, महिला को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप; पुराने हमले की भी जांच

Raipur News: प्रेम संबंध के बाद खूनी वारदात, महिला को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप; पुराने हमले की भी जांच

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एक महिला को पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में करीब 65 से 70 फीसदी झुलसी महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे ग्रामीणों और राहगीरों ने एक महिला को झुलसी हालत में चीखते-चिल्लाते देखा। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही थी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान आरंग-समोदा निवासी राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के आसपास अकेली रहकर घरेलू काम करके अपना जीवनयापन कर रही थी।

एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा के मुताबिक, राजकुमारी और वीरू के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वीरू ने कथित तौर पर राजकुमारी को मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि वर्ष 2021 में आरोपी वीरू आरंग के मोखला गांव पहुंचा था, जहां उस पर राजकुमारी की सास पर टंगिये से हमला करने का आरोप लगा था। पुलिस अब इस पुराने मामले और वर्तमान घटना के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस घटना के कारणों, आरोपी की भूमिका और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


Related Articles