Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को रायपुर में सड़क, मिलावटी शराब और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आप के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों, किसानों की समस्याओं और मिलावटी शराब जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
सूरज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि आप के प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे ने खराब सड़क के खिलाफ आवाज उठाते हुए सड़क सुधार की मांग की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि कई दिनों तक आवेदन तक नहीं लिए गए और उन्हें करीब पांच दिनों तक जेल में रखा गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में सामने आ रहे मिलावटी शराब के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। सूरज उपाध्याय ने कहा कि मिलावटी शराब का मामला लगातार सामने आ रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश में हाल ही में जहरीली या मिलावटी शराब से 52 लोगों की मौत का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से छत्तीसगढ़ सरकार को भी सबक लेना चाहिए। उनका आरोप है कि सरकार इस मामले में गंभीर नजर नहीं आ रही है।
आप प्रवक्ता ने एग्रीटेक और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के रकबे में कमी किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रकबा कम होने से किसान परेशान हैं और प्रदेश के किसानों में भारी आक्रोश है। पार्टी ने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
सूरज उपाध्याय ने जांजगीर-चांपा में हुए प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया था। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई।
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि राज्य सरकार एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद करे। पार्टी ने यह भी मांग रखी कि केंद्र सरकार स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को जल्द लागू करे, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके।
आप ने आगामी धान खरीदी को लेकर भी सरकार से सभी किसानों के पूरे धान की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी का कहना है कि प्रदेश के लाखों किसान कर्ज के बोझ तले दबे हैं और यदि किसानों के पूरे धान की खरीदी नहीं हुई तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पार्टी ने बलरामपुर में आप नेता के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने, जिले की सड़कों में सुधार करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की। इसके साथ ही आप ने प्रदेश में नकली और मिलावटी शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में लोगों की जान न जाए।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के एग्रीस्टेक पंजीयन और रकबा समर्पण के नाम पर उनके हितों से खिलवाड़ किया गया, धान खरीदी में किसी तरह की समस्या हुई और प्रदेश में सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

