Ambikapur News : वायरल वीडियो के बाद हरकत में सरकार, खरसिया चौक की सड़क सुधारने CM साय ने दिए तत्काल निर्देश

Ambikapur News : वायरल वीडियो के बाद हरकत में सरकार, खरसिया चौक की सड़क सुधारने CM साय ने दिए तत्काल निर्देश

Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक में सड़क की खराब स्थिति को लेकर वायरल हुए वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा की। उन्होंने सड़क की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री साय ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें। संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव अथवा अन्य किसी कारण से आवागमन प्रभावित होने या दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं या बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढों को भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित सभी आवश्यक अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने के बावजूद सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए हर जरूरी उपाय किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन को संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। कलेक्टर अपने जिलों में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें।

मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।


Related Articles