BRICS Summit 2026: आज भारत मंडपम में जुटेंगे कई बड़े नेता, PM मोदी की 7 द्विपक्षीय बैठकें; वैश्विक विकास और सहयोग पर होगी चर्चा

BRICS Summit 2026: आज भारत मंडपम में जुटेंगे कई बड़े नेता, PM मोदी की 7 द्विपक्षीय बैठकें; वैश्विक विकास और सहयोग पर होगी चर्चा

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली: राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और बेहद अहम दिन है। भारत मंडपम में BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों एवं शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे भारत मंडपम में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने से होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा।

समावेशी वैश्विक विकास पर होगा मंथन

शिखर सम्मेलन के ओपन सेशन की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य’ रखी गई है। इस दौरान BRICS देशों के नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, तकनीकी नवाचार और सतत विकास को लेकर अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

PM मोदी की 7 नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें

सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें होंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक होगी।

इसके अलावा शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ भी पीएम मोदी की बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

पहले दिन भी दिखी भारत की कूटनीतिक सक्रियता

BRICS सम्मेलन के पहले दिन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर भी माहौल को खास बना दिया।

नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर बनी सहमति

BRICS सम्मेलन के पहले दिन की प्रमुख उपलब्धियों में नई दिल्ली घोषणा-पत्र को माना जा रहा है। इसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर BRICS देशों ने साझा रुख सामने रखा। भारत की मेजबानी में हो रहे इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय कूटनीति लगातार नजर आ रही है। विभिन्न देशों के नेताओं के साथ हो रही बैठकों के जरिए भारत व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आज सम्मेलन के दूसरे दिन भी पूरी दुनिया की नजर भारत मंडपम पर रहेगी। यहां BRICS सदस्य देशों के साथ साझेदार और आमंत्रित राष्ट्र वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर आगे की दिशा तय करने पर मंथन करेंगे।


Related Articles