Kawardha News : चाचा की हत्या कर तेलंगाना में छिपा था आरोपी, सांगारेड्डी से पकड़कर लाई कुकदूर पुलिस

Kawardha News : चाचा की हत्या कर तेलंगाना में छिपा था आरोपी, सांगारेड्डी से पकड़कर लाई कुकदूर पुलिस

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बैगापारा पोलमी गांव में जमीन विवाद के दौरान चाचा पर डंडे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी भतीजे को पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। घायल सुकलाल बैगा का करीब 15 दिनों तक अस्पताल में इलाज चला, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा फरार होकर तेलंगाना चला गया था। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद उसे सांगारेड्डी जिले से गिरफ्तार किया।

घटना 2 दिसंबर 2024 की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बैगापारा पोलमी गांव में जमीन से जुड़े विवाद को लेकर फूलसिंह बैगा का अपने चाचा सुकलाल बैगा से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौच और धमकी देते हुए सुकलाल के सिर पर डंडे से वार कर दिया। हमले में सुकलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

इलाज के दौरान 17 दिसंबर को सुकलाल बैगा की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने पर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई। चाचा की मौत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फूलसिंह फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। जांच के दौरान उसके तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद कुकदूर पुलिस की टीम तेलंगाना रवाना हुई और सांगारेड्डी जिले के गुम्माडीडाला थाना क्षेत्र से आरोपी फूलसिंह बैगा को गिरफ्तार कर कवर्धा लेकर आई।

कवर्धा एसपी जितेन्द्र यादव के मुताबिक, कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बैगापारा गांव में सुकलाल बैगा की हत्या उसके भतीजे फूलसिंह ने की थी। घटना के बाद आरोपी कई दिनों से फरार था, जिसे पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


Related Articles