Katghora News : गुरसियां के पास चलते टैंकर में भड़की आग, हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार

Katghora News : गुरसियां के पास चलते टैंकर में भड़की आग, हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार

Chhattisgarh Katghora News: कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर पेट्रोल-डीजल से लोडेड टैंकर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वार्डफ नगर की ओर जा रहा था। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड था। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास चालक खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को स्टार्ट किया गया, उसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई।

आग लगते ही चालक और कंडक्टर ने तत्काल टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल होने के कारण विस्फोट की आशंका को देखते हुए आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया गया। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल टैंकर में आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है और मामले की जांच की जा रही है।


Related Articles