Chhattisgarh Takhatpur News : तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जुनापारा चौकी क्षेत्र में ट्रक की जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य माध्यमों से भी फरार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

