Bilaspur News: स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण ने बढ़ाई चिंता, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

Bilaspur News: स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण ने बढ़ाई चिंता, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। मौसम में बदलाव के साथ जिले में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। इसी बीच स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के छह से अधिक पॉजिटिव मरीज सक्रिय बताए जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट मोड पर काम शुरू कर दिया है। शासन स्तर से भी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए विशेष जांच और उपचार की व्यवस्था की गई है। अस्पताल प्रबंधन को सर्दी, खांसी और तेज बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य संक्रमण की समय रहते पहचान कर उसके प्रसार को रोकना है।

स्वाइन फ्लू की पहचान में लगातार तेज बुखार, ठंड लगना, गले में खराश, कफ, अत्यधिक कमजोरी और बदन दर्द जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके अलावा सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न भी इसके लक्षण हो सकते हैं। कुछ मामलों में उल्टी और दस्त की शिकायत भी सामने आ सकती है।

सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने नागरिकों से स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने, खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को रुमाल या मास्क से ढकने तथा हाथों को नियमित रूप से साबुन से धोने की सलाह दी है।

उन्होंने खानपान में भी सावधानी बरतने की अपील की है। किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिम्स पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लेने और आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई है।


Related Articles