Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। शहर के व्यस्त मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम से राहत देने के लिए प्रस्तावित करीब 400 करोड़ रुपये की फ्लाईओवर परियोजना पिछले दो साल से स्वीकृति प्रक्रिया में अटकी हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने प्रमुख चौकों पर यातायात की समस्या को देखते हुए इस परियोजना को तैयार किया है। इसकी ड्राइंग-डिजाइन तैयार हो चुकी है और मिट्टी परीक्षण भी पूरा किया जा चुका है, लेकिन अब तक टेंडर जारी करने की अनुमति नहीं मिल सकी है।
परियोजना के तहत तेलीबांधा चौक क्षेत्र में करीब 1.5 से 3.5 किलोमीटर लंबा छह लेन फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इस फ्लाईओवर के निर्माण से एक्सप्रेस-वे, VIP रोड, रिंग रोड और शहर की ओर से आने वाले वाहनों के दबाव को कम करने की उम्मीद है। फिलहाल सुबह और शाम के पीक आवर में इस इलाके में भारी यातायात के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।
फ्लाईओवर परियोजना को आगे बढ़ाने में अब तक बजट और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में काफी समय लगा है। करीब 400 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना की तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ड्राइंग-डिजाइन के साथ मिट्टी परीक्षण भी कराया जा चुका है। अब निर्माण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम टेंडर जारी करने की अनुमति है। NHAI मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद ही निविदा प्रक्रिया शुरू हो सकेगी और निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।
परियोजना के लिए निजी जमीन के अधिग्रहण की भी जरूरत है। इसके मुआवजे के लिए करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि टेंडर की मंजूरी लंबित होने के कारण जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ सकी है।
टेंडर जारी होने के बाद भी फ्लाईओवर का निर्माण तत्काल शुरू नहीं हो सकेगा। पहले निविदा प्रक्रिया पूरी होगी, इसके बाद निर्माण एजेंसी का चयन, वर्क ऑर्डर और जमीन अधिग्रहण जैसी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। इसके बाद ही वास्तविक निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा। ऐसे में दो साल से लंबित इस परियोजना के धरातल पर उतरने और शहरवासियों को जाम से राहत मिलने में अभी और समय लग सकता है।

