Kissing Car in Gwalior: ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील वायरल कराने की चाहत में एक युवक ने अपनी कार को अनोखे अंदाज में सजा दिया। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से करीब 3400 किस के निशान बनाए गए। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जो महज एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज तक पहुंच गया। रील वायरल होने के बाद यातायात पुलिस की नजर इस पर पड़ी और कार को पकड़कर 5500 रुपये का चालान काट दिया गया।
साढ़े तीन घंटे में बनाए 3400 किस के निशान
मामला ग्वालियर के थाटीपुर इलाके का बताया जा रहा है। कार मालिक आदित्य सिकरवार इंस्टाग्राम पर रील बनाता है। दो दिन पहले उसने अपनी कार का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो में उसकी दोस्त कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाती नजर आई।
आदित्य के मुताबिक, उसकी दोस्त ने करीब साढ़े तीन घंटे की मेहनत के बाद कार पर लगभग 3400 किस के निशान बनाए। उसने बताया कि यह डिजाइन सोशल मीडिया पर चल रहे एक विदेशी ट्रेंड से प्रेरित था। इसके बाद कार को सड़क पर चलाते हुए वीडियो बनाया गया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया गया।
एक दिन में मिले 55 लाख व्यूज
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और महज एक दिन में करीब 55 लाख यानी 5.5 मिलियन व्यूज मिल गए। आदित्य के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 2,952 फॉलोअर्स हैं और अब तक 64 पोस्ट किए जा चुके हैं।
रील वायरल होने के बाद यातायात पुलिस की नजर वीडियो पर पड़ी। पुलिस के अनुसार, वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ती दिखाई दे रही थी। इसके आधार पर पुलिस ने कार की पहचान की और थाटीपुर इलाके से उसे बरामद कर यातायात थाने ले आई।
पुलिस ने कार के निशान साफ करवाए
थाने में पुलिस ने कार मालिक से पूछताछ की। युवक ने बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसकी दोस्त ने बनाए थे और उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर नया ट्रेंड बनाना था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार पर लगे लिपस्टिक के निशान पानी से साफ करवाए।
यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन के मामले में कार का 5500 रुपये का चालान काटा। कार्रवाई के बाद युवक ने पुलिस के सामने गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसे अंदाजा नहीं था कि इस तरह रील बनाना यातायात नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है। उसने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही।

