सक्ती। फर्जी तरीके से मोबाइल सिम जारी कर धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे POS एजेंट को डभरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर विभिन्न लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर गलत तरीके से मोबाइल सिम जारी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
मामले की जांच 18 फरवरी 2026 को साइबर सेल सक्ती से प्राप्त शिकायत के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि POS कोड 663125506 के संचालक भीष्म कुमार सेंदरा और उसके एजेंट विशाल सोने, निवासी ठनगन, थाना डभरा ने विभिन्न व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर 14 मोबाइल सिम कार्ड गलत तरीके से जारी किए थे।
पुलिस ने संबंधित सिम धारकों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए और दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद थाना डभरा में अपराध क्रमांक 67/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 61(2), 238(ग) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
इस मामले में आरोपी भीष्म कुमार सेंदरा को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं फरार चल रहे POS एजेंट विशाल सोने को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक संतोष पांडे, आरक्षक धनेश्वर दिवाकर और आरक्षक राम गोपाल यादव का विशेष योगदान रहा।

