Korba News : कार की टक्कर से 3 मवेशियों की मौत, नशे में वाहन चलाने वाले पर कार्रवाई की मांग

Korba News : कार की टक्कर से 3 मवेशियों की मौत, नशे में वाहन चलाने वाले पर कार्रवाई की मांग

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। जिले में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात नशे में धुत्त कार चालक ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी घायल हो गया।

घटना उरगा थाना क्षेत्र में भैसमा पॉवर जनरेट ऑफिस के सामने की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। स्थिति विवाद तक पहुंचने पर 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना गंभीर लापरवाही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि सड़क पर मवेशियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जिले में सड़क हादसों में मवेशियों की मौत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिन पहले दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। उस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर विरोध जताया था।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों ने सड़क पर मवेशियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के साथ तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


Related Articles