Ambikapur News : बेहतर काम का झांसा देकर दो युवतियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी, दो आरोपी गिरफ्तार

Ambikapur News : बेहतर काम का झांसा देकर दो युवतियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी, दो आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Ambikapur News : अंबिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र के केरजू पुलिस चौकी इलाके से मानव तस्करी का मामला सामने आया है। दो युवक एक 16 वर्षीय आदिवासी नाबालिग छात्रा और 19 वर्षीय युवती को दिल्ली में बेहतर काम और मोटी पगार दिलाने का झांसा देकर ले जा रहे थे। सतर्क परिजनों ने रायगढ़ जिले में पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बचा लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक ग्राम ढोढ़ागांव निवासी कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा और ग्राम सरगा निवासी 19 वर्षीय युवती 16 अगस्त से घर से लापता थीं। दोनों के अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।

तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि दोनों युवतियां रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र में हैं और उन्हें ट्रेन के जरिए दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही परिजन 18 अगस्त को रायगढ़ जिले के ग्राम केराकछार पहुंचे, जहां दोनों युवतियां दो युवकों के साथ मिलीं। पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक उसी दिन ट्रेन से उन्हें दिल्ली ले जाने वाले थे।

परिजन दोनों युवतियों को सुरक्षित वापस केरजू लेकर आए और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नाबालिग और युवती से पूछताछ की, जिसमें कथित मानव तस्करी की साजिश सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, सिहारजोर निवासी विद्याभूषण लकड़ा और कामोसिनडांड कापू, जिला रायगढ़ निवासी देवलाल तिग्गा ने दोनों को दिल्ली में अच्छी नौकरी और मोटी पगार दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि दोनों युवतियां आरोपियों के बहकावे में आकर बिना परिजनों को बताए घर से निकल गई थीं। दोनों युवकों ने उन्हें करीब दो दिन अपने घर में रखा और इसके बाद दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे थे।

नाबालिग के पिता की शिकायत पर केरजू पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 143(1)(क) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी विद्याभूषण लकड़ा और देवलाल तिग्गा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

केरजू चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत ने बताया कि मामले में मानव तस्करी सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

सरगुजा-जशपुर क्षेत्र में आदिवासी युवतियों को दिल्ली और हरियाणा में नौकरी दिलाने के नाम पर बाहर ले जाने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के नौकरी के झांसे में न आएं और बेटियों को बाहर काम पर भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति और रोजगार की पूरी जानकारी के साथ पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं।


Related Articles