Raipur News : कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक पर छात्रों का आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Raipur News : कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक पर छात्रों का आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नकली नोट और डायपर रखकर विरोध जताया। छात्र संगठन ने पेपर लीक मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

दरअसल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में B.Sc. द्वितीय वर्ष के Pest Management in Crops and Stored Grains-I (AENT 221) विषय के प्रश्नपत्र के लीक होने की शिकायत कवर्धा से मिली थी। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित परीक्षा को रद्द कर दिया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रद्द की गई परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीख अलग से जारी की जाएगी।

मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक के मुताबिक, कवर्धा से मिली शिकायत के आधार पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। प्रश्नपत्र रायपुर में तैयार होने के बाद 28 कॉलेजों में भेजा जाता है। मामले की जांच के लिए गठित कमेटी से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।

NSUI ने मांग की है कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। छात्र संगठन का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।


Related Articles