Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ की जिला शाखा बिलासपुर की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभागार में संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नई कार्यकारिणी में कलेक्टर कार्यालय के प्रदीप तिवारी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं शिक्षा विभाग के प्रशांत पाण्डेय को जिला सचिव की जिम्मेदारी दी गई। कलेक्ट्रेट की जूही सोम को महिला प्रकोष्ठ की जिला सचिव और शिक्षा विभाग के सुमंत यादव को उप प्रांताध्यक्ष बनाया गया है।
बैठक में संघ के प्रांतीय और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने लिपिक कर्मचारियों के हित में पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि लिपिक वर्ग के कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संघ का उद्देश्य लिपिक कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनका समाधान कराना और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना है।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी, प्रांतीय सचिव वर्षा रानी चरण, प्रदीप तिवारी, प्रशांत पाण्डेय, सुमंत यादव, अंकित तिवारी, देवेंद्र पटेल, गोपी चौहान, अनिल पुजारी, राकेश सूर्यवंशी, जूही सोम, रजनी मेहर, जमुना शंकर जायसवाल, रजनी तिवारी, शिमला टंडन, हरेन्द्र सूर्यवंशी और रूपेंद्र बंजारे सहित बड़ी संख्या में लिपिक कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन के बाद संघ को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और लिपिक कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही है।

