Chhattisgarh Durg News: पाटन। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में देश और प्रदेश के वीर बलिदानियों की स्मृति में ‘शौर्य वाटिका’ का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान करीब 78.96 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही ‘शौर्य वाटिका’ में शहीदों के परिजनों ने उनकी स्मृति में पौधे लगाए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी पीपल का पौधा रोपित कर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। वाटिका को वीर बलिदानियों की स्मृति को संजोने और नई पीढ़ी को उनके त्याग से प्रेरणा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है।
ग्राम सोनपुर में तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय और शेड निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड और अहाता निर्माण कार्य भी इसमें शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों के त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर और प्रदेश के जवानों ने शांति स्थापना के लिए बड़ी कीमत चुकाई है। शहीद जवानों के बलिदान की बदौलत ही आज सुदूर क्षेत्रों में तिरंगा फहरा रहा है और वहां स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी तथा सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने सोनपुर में योजनाबद्ध तरीके से हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को लगातार गति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं के साथ ग्रामीणों के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर भी उपलब्ध हों।
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेंद्र कौशिक, ग्राम सरपंच संत कुमार कुंभकार और सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

