Chhattisgarh Rapur News: रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार की अध्यक्षता और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की मौजूदगी में हुई बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों, अंडरब्रिज, सर्विस रोड और पार्किंग व्यवस्था में सुधार के लिए लघुकालीन कार्ययोजना पर तत्काल अमल करने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने प्रेजेंटेशन के जरिए शहर की प्रमुख यातायात समस्याओं और उनके व्यावहारिक समाधान की जानकारी दी। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार ने पुलिस और संबंधित प्रशासनिक विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर निर्माण एवं सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
तेलघानीनाका के 300 गोदाम और गैरेज होंगे शिफ्ट
तेलघानीनाका क्षेत्र में पीक आवर्स के दौरान लगने वाले जाम को कम करने के लिए करीब 300 गोदामों और गैरेजों को शहर से बाहर उपयुक्त स्थान पर विस्थापित करने की योजना है। वहीं भाठागांव चौक-काठाडीह मार्ग पर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी को नए स्थायी हाट-बाजार में शिफ्ट किया जाएगा।
चौराहों और अंडरब्रिज में होंगे सुधार
तेलीबांधा थाना के सामने अस्थायी स्टॉपर हटाकर सीमेंट ब्लॉक से स्थायी डिवाइडर बनाया जाएगा। हीरा ग्रुप आइलैंड की चौड़ाई कम कर मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। देवेंद्र नगर और मोतीबाग में भी स्थायी रोटरी बनाने का प्रस्ताव है।
रायपुरा अंडरब्रिज में फुटपाथ हटाकर सड़क चौड़ी की जाएगी और ट्रांसफार्मर व पोल को शिफ्ट किया जाएगा। कुशालपुर अंडरब्रिज के प्रवेश द्वार पर भारी वाहनों को रोकने के लिए हाइट बैरियर लगाया जाएगा।
7 जगह नए ट्रैफिक सिग्नल, 15 स्थानों पर बनेंगे डिवाइडर
शहर के 7 प्रमुख स्थानों पर नए ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इनमें द्रोणाचार्य स्कूल चौक, कमल होटल चौक, अनुपम गार्डन चौक, एम्स गेट नंबर-4, मंडी गेट तिराहा, पंडरी दुबे कॉलोनी तिराहा और व्यास तालाब तिराहा शामिल हैं। इसके अलावा शहर के 15 स्थानों पर नए मार्ग विभाजक (डिवाइडर) बनाए जाएंगे।
अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई, मरीन ड्राइव में बनेगी पार्किंग
मालवीय रोड और बैजनाथ पारा जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में फुटपाथ पर कब्जा करने वाले स्ट्रीट वेंडरों और सड़क पर सामान फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। वहीं मरीन ड्राइव पर फुटपाथ क्षेत्र में रैंप बनाकर दोपहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इन उपायों से शहर में यातायात का दबाव कम करने, जाम की समस्या दूर करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

