Pratappur News: राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का दिया संदेश, तक्षशिला एकेडमी में विद्यार्थियों ने उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस

Pratappur News: राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का दिया संदेश, तक्षशिला एकेडमी में विद्यार्थियों ने उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस

Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। तक्षशिला एकेडमी प्रतापपुर में शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण से हुई। ध्वजारोहण के पश्चात छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने राष्ट्रगान का गायन कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।

एकेडमी के संचालक मनोज राजवाड़े ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को 15 अगस्त और 26 जनवरी के बीच के अंतर के साथ दोनों राष्ट्रीय पर्वों के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जाहिद अंसारी, मिश्रा स्टेशनरी के संचालक, तुलेश्वर राजवाड़े, रिजवान और एकेडमी स्टाफ से नरेंद्र विश्वकर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना प्रत्येक नागरिक में होनी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया गया। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान तक्षशिला एकेडमी का पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और आजादी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जाहिद अंसारी की रिपोर्ट


Related Articles