Surajpur News: सूरजपुर। ग्रामीण अंचल की छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी पहुंच को आसान बनाने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल योजना के तहत शुक्रवार को प्रतापपुर विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल जरही एवं शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बतरा में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि देवपाल सिंह पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए शिक्षा का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, उनका समय बचेगा और वे आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और उत्कृष्ट शिक्षा पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध हो सकें और प्रदेश का भविष्य मजबूत बन सके।
कार्यक्रम में विकेश जायसवाल, सुभाष राजवाड़े, स्वामी राजवाड़े, महेंद्र सिंह मार्को सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सरकार की इस पहल का स्वागत किया।

