CG Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग एक हार्डवेयर दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तेज बारिश के बावजूद आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। लगातार प्रयास के बाद बुधवार सुबह आग पर काबू पाया गया।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग हार्डवेयर की दुकान से शुरू हुई थी। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण ऑक्टोपस बार समेत तीन अन्य दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का आकलन सामने आ सकेगा।

