Chhattisgarh Raipur News:रायपुर। 20 जुलाई 2026 को दिल्ली में CJP के नेतृत्व में आयोजित ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद गहरा गया है। महिलाओं के सम्मान के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए जीशान सिद्दीकी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस के दो नेताओं सुरेंद्र वर्मा और संजय बघेल के खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं ने दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।
पहली शिकायत रायपुर के सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता जीशान सिद्दीकी का आरोप है कि कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा ने पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर महिलाओं के सम्मान और गरिमा के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की। शिकायत में कहा गया है कि यह टिप्पणी समाज में अशोभनीय संदेश प्रसारित करती है। मामले में आईटी एक्ट की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
दूसरी शिकायत बलौदाबाजार सिटी कोतवाली में भाजयुमो की ओर से दर्ज कराई गई है। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा शहर के प्रभारी महामंत्री एवं पूर्व पार्षद संजय बघेल पर भी पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में उनके खिलाफ भी आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

