Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। पत्रकारिता जब जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती है, तो उसका असर व्यवस्था पर भी दिखाई देता है। ऐसा ही मामला बलरामपुर विकासखंड के पस्ता शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में सामने आया, जहां सैकड़ों कीड़ों और गंदगी के बीच पढ़ाई करने को मजबूर बच्चों की समस्या को IMP24 ने प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया था। खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और स्कूल में विशेष सफाई अभियान शुरू कराते हुए कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया।
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश और विकासखंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर संस्था प्रमुख द्वारा स्कूल परिसर में तत्काल सफाई अभियान चलाया गया। स्कूल के तीनों क्लासरूम, स्टाफ रूम, बरामदा और शौचालयों की विशेष साफ-सफाई कराई गई। दीवारों पर लगे जाले हटाए गए तथा नमी और गंदगी को साफ करने के बाद पूरे परिसर में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया।
लगातार बारिश के कारण पस्ता शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के भवन में सीलन और नमी की स्थिति बन गई थी। इसके चलते क्लासरूम की दीवारों और स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में कीड़े दिखाई दे रहे थे। ऐसे माहौल में कक्षा 6वीं से 8वीं तक अध्ययनरत करीब 135 बच्चे रोजाना पढ़ाई करने को मजबूर थे। कीड़ों से भरे क्लासरूम में बच्चों के डरने और इसका असर पढ़ाई पर पड़ने की बात सामने आई थी। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों तथा ग्रामीणों में भी चिंता बनी हुई थी।
बच्चों की इस समस्या को IMP24 ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले में तत्परता दिखाई। जिला शिक्षा अधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और निर्देश मिलते ही स्कूल परिसर की सफाई के साथ कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया।
कार्रवाई के बाद स्कूल का माहौल पहले की तुलना में साफ-सुथरा नजर आ रहा है। जहां पहले क्लासरूम की दीवारों पर कीड़े और जाले दिखाई दे रहे थे, वहीं अब सफाई के बाद बच्चों को राहत मिली है। करीब 135 बच्चों को राहत मिलने पर ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षकों ने खुशी जाहिर की है। लोगों ने बच्चों की समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए IMP24 का आभार भी जताया।
स्कूल के प्रधान पाठक ने बताया कि वर्तमान में स्थिति सामान्य है और पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए नियमित साफ-सफाई और समय-समय पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने का आश्वासन दिया गया है। पस्ता मिडिल स्कूल में हुई यह कार्रवाई बच्चों की समस्या को सामने लाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हुई त्वरित कार्रवाई के रूप में सामने आई है।

