Chhattisgarh News: जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस ने शराब दुकान में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी फर्जी नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि 20 जुलाई को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली थी कि एक युवक 500 रुपये का संदिग्ध नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़ बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने अकलतरा आया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक अकलतरा में कराई, जहां परीक्षण के दौरान चारों नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हो गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नकली नोट रायपुर से लाया था और उन्हें शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 180 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में न्यायालय में पेश किए जाने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को नकली नोट कहां से मिले तथा इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

