Chhattisgarh Korba News: कोरबा। वन विभाग ने अंतर-जिला स्तर पर सक्रिय अवैध लकड़ी तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 घन मीटर बेशकीमती साल की लकड़ी बरामद की है। मामले में कुख्यात लकड़ी तस्कर सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं रायपुर के अभनपुर स्थित संबंधित आरा मिल को सील कर संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना से खुला पूरा नेटवर्क
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राष्ट्रीयकृत साल लकड़ी का अवैध परिवहन कर उसे रायपुर के अभनपुर स्थित एक आरा मिल में बेचा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी सुनील गुप्ता को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में उसने अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने लकड़ी को अभनपुर की आरा मिल में बेचने की बात कबूल कर ली।
पांच वन परिक्षेत्र अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई
आरोपी के खुलासे के बाद बालको, पसरखेत, करतला, लैमरू और उत्पादन कुदमुरा वन परिक्षेत्र अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रायपुर पहुंचकर आरा मिल और टाल में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 20 घन मीटर साल लकड़ी बरामद की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी किया गया।
आरा मिल सील, वाहन भी जब्त
कोरबा डीएफओ प्रेमलता यादव के इनपुट पर रायपुर डीएफओ लोकनाथ पटेल के नेतृत्व में वन विभाग ने आरा मिल को सील कर दिया। मौके से लकड़ी से लदा ट्रैक्टर, क्रेन और परिवहन में इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
बरामद लकड़ी को वापस कोरबा लाकर कसनिया डिपो में सुरक्षित रखा गया है। आरोपी सुनील कुमार गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 316(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय ने आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वन विभाग का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

