Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खाते किराए पर देकर साइबर अपराधियों की मदद करने वाले 9 म्यूल खाताधारकों और एजेंटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कमीशन के बदले बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन और उसे छिपाने के लिए किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, थाना पुरानी भिलाई में दर्ज एक प्रकरण की जांच के दौरान थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के आधार पर इस नेटवर्क का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ₹2,000 से ₹10,000 तक के कमीशन के बदले अपने या अन्य लोगों के बैंक खाते और बैंकिंग दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों में साइबर ठगी से जुड़े लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन भी मिले हैं।
पुलिस ने इस मामले में लक्की खुटेल, भारत गिरी, भोज ठाकुर, चोमन साहू, कमलेश देशलहरे, रमाकांत साहू, आकाश भट्ट, संजय निषाद (एजेंट) और मनोज कुमार साहू (एजेंट) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और बैंकिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या सिम कार्ड उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं, क्योंकि ऐसा करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में देने की अपील की गई है।

