Chhattisgarh Surguja News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध बिजली हुकिंग एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुई। खेत में सिंचाई के लिए चोरी की बिजली से मोटर पंप चलाने के दौरान कटे हुए नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से 41 वर्षीय किसान रतन पैंकरा की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोग पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन शनिवार दोपहर खेत में शव मिलने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, बतौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत झरगांव निवासी रतन पैंकरा (41), पिता स्वर्गीय सकल राम पैंकरा, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अपने खेत में धान की फसल की सिंचाई देखने गए थे। खेत में पानी की कमी को पूरा करने के लिए बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर मोटर पंप चलाया जा रहा था। इसी दौरान खेत में बिछे कटे हुए नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रातभर तलाश करते रहे परिजन
शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। रात में खेत तक भी खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा और सुनसान होने के कारण उनका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे परिजन दोबारा खेत पहुंचे तो धान की फसल के बीच रतन पैंकरा का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। शव के साथ बिजली का कटा हुआ नंगा तार चिपका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध बिजली कनेक्शन किसने किया था।
बिजली विभाग की चेतावनी
बिजली विभाग के सहायक अभियंता आर.पी. सिंह ने बताया कि अवैध बिजली कनेक्शन या चोरी की बिजली के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में मुआवजा देने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग पूरे मामले की जांच करेगा और अवैध हुकिंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभाग को क्षेत्र में दो-तीन किसानों द्वारा अवैध हुकिंग किए जाने की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली के खंभों से अवैध हुकिंग न करें, क्योंकि यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि किसी भी समय जानलेवा हादसे का कारण बन सकता है।
सुरक्षा को लेकर अपील
बिजली विभाग ने किसानों से केवल वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने और खेतों में खुले या कटे हुए बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

