Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। नगर पालिका परिषद अहिवारा में मनोनीत पार्षद (एल्डरमैन) के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन वार्ड क्रमांक-3 स्थित मंगल भवन में किया गया। समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिवारा विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने की।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष विधानद कुशवाहा, उपाध्यक्ष अशोक बाफना, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान लक्ष्मण क्षत्री, ममता जंघेल, नंद कुमार यादव, पुनीत राउत और शिवशंकर कश्यप ने एल्डरमैन के रूप में शपथ ग्रहण की।
अपने संबोधन में विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने सभी नव-मनोनीत एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के विकास से जुड़े प्रस्तावों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि नव-नियुक्त एल्डरमैन नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को बिना किसी स्वार्थ के जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़ा पद मिलने के बाद भी स्वयं को कार्यकर्ता मानकर सेवा करना ही सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।
सांसद विजय बघेल ने यह भी बताया कि उन्हें भारत के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की विदेश यात्रा पर रवाना होना है। उन्होंने रवाना होने से पहले सभी नव-मनोनीत एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इंदिरा बंजारे, कीर्ति राज शिवाले, इंद्रजीत राउत, संत कुमारी ठाकुर, पुष्पा विदेशी साहू, पुरुषोत्तम वर्मा, अनुज साहू, प्रदीप कोचर, नुकिता देवांगन, मीना जोशी, शिवनारायण अग्रवाल, ईश्वर शर्मा, केशव महिलांग, मुकुंद पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

