Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने मंगलवार को जिलेभर में श्रीराम मंदिर, अयोध्या के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में व्यापक प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में रैली, धरना और प्रदर्शन आयोजित किए गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भिलाई-3 चरोदा में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। यदि मंदिर के चढ़ावे में किसी प्रकार की कथित वित्तीय अनियमितता हुई है, तो पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए तथा दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग वर्षों से भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करते रहे हैं, उन्हें भी इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।
राकेश ठाकुर का बयान
जामुल में आयोजित प्रदर्शन के दौरान राकेश ठाकुर ने कहा कि जनता के बीच यह चर्चा है कि “दान पेटी में डाला गया दान हो या ईवीएम में डाला गया वोट, दोनों का लाभ एक ही जगह पहुंच रहा है।” उन्होंने कहा कि जनता सब देख और समझ रही है तथा लोकतंत्र में समय आने पर अपना जवाब भी देगी।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के प्रतीक हैं। श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से दिए गए प्रत्येक दान का उपयोग पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से होना चाहिए। यदि कहीं भी अनियमितता हुई है तो दोषियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
जिलेभर के ब्लॉकों में हुए प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।
धमधा में ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा के नेतृत्व में मुख्य चौक पर प्रदर्शन और नारेबाजी की गई।
अहिवारा ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्ष उमेश साहू के नेतृत्व में पथरिया से कोड़िया तक पैदल रैली निकाली गई।
अंडा में किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर सत्य की विजय की प्रार्थना की गई।
जामुल में ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश साहू के नेतृत्व में रावणभाठा से श्रीराम प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रतीकात्मक दान पेटी रखकर विरोध दर्ज कराया गया।
अहिवारा नगर के बस स्टैंड में ब्लॉक अध्यक्ष संतोष बाफना के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
भिलाई-3 चरोदा में ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा के नेतृत्व में सिरसा गेट से श्रीराम मंदिर तक पदयात्रा निकाली गई और मंदिर में पूजा-अर्चना की गई।
कुम्हारी के स्टेशन चौक पर ब्लॉक अध्यक्ष मनहरण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर न्यायिक अथवा उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
पाटन के आत्मानंद चौक में ब्लॉक अध्यक्ष मोहन साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन कर धार्मिक आस्था से जुड़े मामले में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
जामगांव (आर) में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश ठाकुर के संयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुकेश चंद्राकर सहित जिला, ब्लॉक और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता की आस्था और विश्वास की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए आवाज उठाती रहेगी।

