Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रतापपुर प्रवास के दौरान अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर में निर्माणाधीन सिविल न्यायालय भवन का निरीक्षण किया तथा अधिवक्ताओं की ओर से न्यायालय परिसर से अलग एक आधुनिक अधिवक्ता भवन के निर्माण की मांग को गंभीरता से सुना।
अधिवक्ता संघ ने सांसद को बताया कि वर्तमान में अधिवक्ताओं और न्यायालय में आने वाले पक्षकारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इससे न्यायिक कार्यों के संचालन के दौरान कई तरह की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संघ ने मांग की कि अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के लिए अलग भवन का निर्माण कराया जाए, जिससे न्यायालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बन सके।
मांग को शासन स्तर पर उठाने का भरोसा
सांसद चिंतामणि महाराज ने अधिवक्ताओं के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और उनकी मांग को उचित बताते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुविधाएं न्यायिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मांग को संबंधित विभाग और शासन स्तर पर प्रमुखता से रखा जाएगा तथा इसके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सांसद ने निर्माणाधीन सिविल न्यायालय भवन की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की भी जानकारी अधिकारियों से ली।
जर्जर एसडीएम और तहसील भवनों पर जताई चिंता
न्यायालय परिसर के निरीक्षण के बाद सांसद ने प्रतापपुर स्थित एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय का भी दौरा किया। अधिकारियों ने उन्हें वर्षों पुराने भवनों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। भवनों की स्थिति देखकर सांसद ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यालयों का सुरक्षित और सुव्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने तथा भवनों के उन्नयन और आवश्यक मरम्मत की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लिया जायजा
अपने प्रवास के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे। यहां उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण कर भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्रसव कक्ष और पीएनसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं का हालचाल जाना और प्रसूता माताओं से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर
सांसद ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता तथा आवश्यक संसाधनों को सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बड़ी संख्या में अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रतापपुर एसडीएम ललिता भगत, तहसीलदार सुरेश राय, नायब तहसीलदार मुकेश दास, मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, विजेंद्र कश्यप सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिवक्ता संघ की ओर से अध्यक्ष डी.के. गुप्ता, संरक्षक डी.एस. तिवारी, सचिव आर.के. चौबे, उपाध्यक्ष एम.डी. अंसारी सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने न्यायिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया, जिस पर सांसद ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

