Chhattisgarh Durg News: उतई। प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, उतई द्वारा आयोजित ‘उड़ान-2026’ ओपन प्लेसमेंट ड्राइव युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर साबित हुई। 14 जुलाई 2026 को आयोजित इस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 113 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 108 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों में चयन हुआ।
संस्थान की ओर से आयोजित इस प्लेसमेंट ड्राइव का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें उद्योगों से जोड़ना था।
विभिन्न क्षेत्रों में मिला रोजगार
चयनित विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल, बैंकिंग एवं फाइनेंस, रिटेल, मैन्युफैक्चरिंग, एजुकेशन, फार्मेसी, एग्रीकल्चर, हेल्थकेयर और इंडस्ट्री सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। इससे विद्यार्थियों को अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप करियर की शुरुआत करने का अवसर मिला।
22 प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों की रही भागीदारी
प्लेसमेंट ड्राइव में 22 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लिया। इनमें आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, चौहान ऑटोमोबाइल्स, अन्नपूर्णा फाइनेंस, वर्मा एग्रोटेक, शुभम के मार्ट, श्रम इन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड, इकोफिल प्राइवेट लिमिटेड, लक्ष्मी ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव, इंदु आईटी स्कूल भिलाई, जीनियस पब्लिक स्कूल बेमेतरा, एथेना वर्ल्ड स्कूल (बोथली), ज्ञान पब्लिक स्कूल भिलाई-3, प्रिज्म पब्लिक स्कूल उतई, प्रिज्म पब्लिक स्कूल महका खुर्द, छत्तीसगढ़ वाणिज्य कॉलेज सेक्टर-6 भिलाई, संदीपनी एकेडमिक अछोटी, शैलदेवी महाविद्यालय अंडा, प्रिज्म कॉलेज महका खुर्द, शिफा डेंटल क्लिनिक, लक्ष्मी मेडिकल हॉल और शिवा चिकित्सालय सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान शामिल रहे।
कई चरणों में हुई चयन प्रक्रिया
विद्यार्थियों के चयन के लिए लिखित मूल्यांकन, व्यक्तिगत साक्षात्कार (पर्सनल इंटरव्यू) तथा संबंधित संस्थानों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न चरणों में मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता, संचार कौशल और कार्य क्षमता का भी आकलन किया गया।
‘उड़ान’ युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रभावी मंच : रूपेश गुप्ता
संस्थान के अध्यक्ष रूपेश कुमार गुप्ता ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रिज्म समूह का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने कहा कि “‘उड़ान’ अब केवल एक प्लेसमेंट ड्राइव नहीं, बल्कि युवाओं को उद्योगों, कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ने का प्रभावी मंच बन चुका है।” उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी संस्थान ऐसे रोजगारोन्मुख कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को करियर निर्माण के अवसर मिल सकें।
सहयोगियों का जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान प्रबंधन ने प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी कंपनियों, संस्थानों, चयनकर्ताओं और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

