Surguja News: सरगुजा में रिश्तों का कत्ल: रुपये के विवाद में बेटी-दामाद ने पिता की गला घोंटकर हत्या

Surguja News: सरगुजा में रिश्तों का कत्ल: रुपये के विवाद में बेटी-दामाद ने पिता की गला घोंटकर हत्या

CG Surguja News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां ग्राम बांसाझाल बालापानी में मोटरसाइकिल की किश्त जमा करने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बेटी और उसके पति पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर गमछे से गला घोंटने और मारपीट करने के बाद पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपितों ने घटनास्थल पर मौजूद खून के धब्बों को गोबर से लीपकर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया। बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

दामाद के घर के परछी में मिला शव

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को ग्राम बांसाझाल निवासी माइकल टोप्पो ने बतौली थाने में सूचना दी कि लोहर साय कोरवा की उसके ही बेटी और दामाद ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां लोहर साय का शव आरोपित दामाद के घर के परछी में पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।

रुपये मांगने को लेकर हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन लोहर साय अपनी मोटरसाइकिल की किश्त जमा करने के लिए रुपये मांगने बेटी और दामाद के घर पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर बेटी और दामाद ने कथित तौर पर लोहर साय के गले में बंधे गमछे (साफी) से फंदा बनाकर उनका गला घोंटा। इसके बाद उनके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

साक्ष्य मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपितों ने घटना के निशान मिटाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, जमीन पर पड़े खून के धब्बों को गोबर से लीपकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करने का दावा

बतौली पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर रुपये के विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बंधन कोरवा (40 वर्ष) और उसकी पत्नी सोन कुंवारी (35 वर्ष), निवासी ग्राम बांसाझाल बालापानी, थाना बतौली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और गांव में शोक का माहौल है।


Related Articles