Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना पुलिस ने एक ही जमीन को कई लोगों को बेचने का झांसा देकर करीब 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जमीन बेचने का सौदा कर अलग-अलग लोगों से रकम वसूली, लेकिन न तो रजिस्ट्री कराई और न ही खरीदारों को जमीन का कब्जा दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने कई बार आरोपियों से संपर्क कर अपनी रकम और जमीन के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें लगातार टालमटोल जवाब मिलता रहा। इसके बाद पीड़ितों ने पुलगांव थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जांच में पता चला कि ग्राम दमोदा निवासी नोकेश देशमुख और नेहा देशमुख ने ग्राम अंजोरा स्थित प्लॉट नंबर-08 का सौदा एक प्रार्थी से 5.50 लाख रुपये में किया था। इसके अलावा आवश्यकता का हवाला देकर प्रार्थी की माता से एनईएफटी के माध्यम से 2.80 लाख रुपये भी ले लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल करीब 8 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब प्रार्थी ने भुइयां पोर्टल पर जमीन की जांच की, तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले से ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी प्लॉट के नाम पर दीपक कुमार चौबे सहित अन्य लोगों से भी बयाना राशि लेकर धोखाधड़ी की है।
मामले में पुलगांव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। दस्तावेजी साक्ष्य और संबंधित अभिलेख जब्त कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित पीड़ितों और धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

