Bhilai News: IIT भिलाई और भारतीय सेना के बीच हुआ MoU, रक्षा तकनीक और AI पर मिलकर होगा रिसर्च

Bhilai News: IIT भिलाई और भारतीय सेना के बीच हुआ MoU, रक्षा तकनीक और AI पर मिलकर होगा रिसर्च

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। रक्षा अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय सेना की 506 आर्मी बेस वर्कशॉप, जबलपुर और आईआईटी भिलाई के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता 8 जुलाई 2026 को आईआईटी भिलाई परिसर में संपन्न हुआ।

समझौते पर आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश तथा 506 आर्मी बेस वर्कशॉप के कमांडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर ब्रिगेडियर टी. ए. ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत करना तथा रक्षा क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान एवं विकास (R&D) गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

एमओयू के तहत दोनों संस्थान रक्षा इंजीनियरिंग, उभरती तकनीकों, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), परीक्षण (Testing), मरम्मत (Repair) और री-मैन्युफैक्चरिंग (Re-manufacturing) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त रूप से अनुसंधान और तकनीकी विकास करेंगे।

इसके अलावा तकनीकी कार्यशालाओं, सेमिनार, विशेषज्ञ व्याख्यान, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, फैकल्टी सहयोग, छात्रों के लिए इंटर्नशिप तथा प्रोजेक्ट कार्य जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस पहल से छात्रों और शोधार्थियों को रक्षा क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, वहीं भारतीय सेना और आईआईटी भिलाई के बीच संस्थागत सहयोग को भी नई मजबूती मिलेगी।


Related Articles