Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने नगर पंचायत उतई की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नगर के कई हिस्सों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनने से नागरिकों में नाराजगी है और लोग नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।
नगर के मंदिर परिसर से लेकर मुख्य मार्गों तक पानी भर गया है। वार्ड क्रमांक-9 स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर तक जाने वाला मार्ग भी जलभराव के कारण अवरुद्ध हो गया है। वहीं मंदिर के आसपास की कॉलोनियों में जाने वाले रास्तों पर भी पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर के अन्य वार्डों की भी कमोबेश यही स्थिति है, जहां सड़कों की जगह केवल पानी ही दिखाई दे रहा है।
हालांकि नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई में जुटे हुए हैं, लेकिन पर्याप्त जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उतई को नगर पंचायत का दर्जा मिले करीब 16 से 17 वर्ष हो चुके हैं, इसके बावजूद बारिश के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था आज तक नहीं बन सकी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस दौरान नगर पंचायत में दो निर्दलीय अध्यक्ष, एक कांग्रेस अध्यक्ष और वर्तमान में भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल रहा, लेकिन जलनिकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। हर वर्ष बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है।
बारिश के बाद उत्पन्न हालात को लेकर लोगों ने नगर पंचायत से स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से राहत मिल सके।

