दुर्ग। पिछले दो दिनों से जिले में रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से महमरा एनीकट के ऊपर करीब 5 फीट पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने महमरा गांव जाने वाले मार्ग और पुलगांव स्थित छोटे पुल को आवागमन के लिए बंद कर दिया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
शिवनाथ नदी उफान पर, बढ़ाई गई सतर्कता
लगातार बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार सुबह तक महमरा एनीकट पूरी तरह जलमग्न हो गया और उसके ऊपर लगभग 5 फीट पानी बहने लगा। इसके बाद नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
महमरा गांव का मार्ग बंद
जल संसाधन विभाग के एसडीओ गौरव सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर महमरा एनीकट से महमरा गांव जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से नदी और एनीकट के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
पुलगांव का छोटा पुल भी बंद
शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुलगांव स्थित छोटे पुल को भी आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। पुल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कोई भी व्यक्ति खतरे को नजरअंदाज कर पुल पार करने का प्रयास न करे।
एसडीआरएफ और प्रशासन अलर्ट
जिला सेनानी एवं एसडीआरएफ प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम पूरी तरह तैयार है। थनोद से लेकर अरसनारा तक नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बैराज से पानी छोड़े जाने पर बढ़ सकता है खतरा
प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन यदि बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाता है तो शिवनाथ नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। इसे देखते हुए तटीय क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

