CG News: कलेक्टोरेट के पास LIC ऑफिस में फंदे पर लटका मिला गार्ड, जांच में जुटी पुलिस

CG News: कलेक्टोरेट के पास LIC ऑफिस में फंदे पर लटका मिला गार्ड, जांच में जुटी पुलिस

CG News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टोरेट के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय के अंदर एक सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

नाइट शिफ्ट में था तैनात

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो आरा मशीन क्षेत्र का रहने वाला था। विनोद रविवार रात LIC कार्यालय में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर तैनात था। सोमवार सुबह जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन लगातार बंद या अनुत्तरित मिला। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उसके पिता सीधे कार्यालय पहुंचे।

पिता ने देखा तो उड़ गए होश

कार्यालय पहुंचने पर विनोद के पिता ने अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। उनका बेटा कार्यालय परिसर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

मौके से आपत्तिजनक सामान जब्त

सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से मिले कुछ आपत्तिजनक सामान को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा है। पुलिस आसपास के लोगों और कार्यालय कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

परिजनों के बयान दर्ज कर रही पुलिस

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विनोद ने यह कदम कब, कैसे और किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


Related Articles