Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी उतई मंडल द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के तहत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की बैठक उतई रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री प्रवीण कुमार यदु ने किया। कार्यक्रम के अंत में नगर भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण साहू ने आभार व्यक्त किया।
बैठक के मुख्य वक्ता एवं प्रभारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के विचार भाजपा की मूल विचारधारा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता का तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने इसे संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को नमो ऐप, सरल ऐप तथा संगठन के अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा फेक न्यूज का प्रभावी तरीके से मुकाबला करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान की समीक्षा करते हुए प्रत्येक बूथ पर 10 सदस्यीय डिजिटल टीम गठित करने का निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि यह टीम व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पन्ना प्रमुखों से जुड़कर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी और सदस्यता अभियान को भी गति देगी।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ आगामी चुनावों की तैयारी का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि “अगर बूथ जीता तो चुनाव जीता, और बूथ जीतने के लिए कार्यकर्ता का वैचारिक और तकनीकी रूप से मजबूत होना जरूरी है।”
बैठक में मंडल महामंत्री चंदू देवांगन, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

