Durg News: ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान से जुड़े सांसद विजय बघेल, 5 एकड़ में 1200 आम के पौधों की आम्रवाटिका की शुरुआत

Durg News: ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान से जुड़े सांसद विजय बघेल, 5 एकड़ में 1200 आम के पौधों की आम्रवाटिका की शुरुआत

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आर्टकॉम संस्था के ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान के तहत रविवार को महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय, नगपुरा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने शामिल होकर पांच एकड़ क्षेत्र में 1200 आम के पौधों की ‘आम्रवाटिका’ स्थापना की शुरुआत की।

कार्यक्रम का आयोजन आर्टकॉम संस्था, महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय के संचालक रमेश कुमार श्रीवास्तव, कुमुद श्रीवास्तव एवं डायरेक्टर प्राची श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के 300 से अधिक विद्यार्थियों और 200 से ज्यादा लोगों ने वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।

लगातार हो रही बारिश के कारण सभी 1200 पौधों का रोपण एक ही दिन में पूरा नहीं हो सका। ऐसे में सांसद विजय बघेल ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को पौधों के रोपण और संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में आर्टकॉम के संचालक निशु पाण्डेय ने सांसद विजय बघेल का स्वागत करते हुए कहा कि भारी बारिश के बावजूद समय पर कार्यक्रम में पहुंचना उनकी कार्यशैली और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों बाद ये आम के पौधे विकसित होकर क्षेत्र की पहचान बनेंगे और भविष्य में यहां के आम देश ही नहीं, विदेशों तक अपनी अलग पहचान बनाएंगे।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय के श्रीवास्तव परिवार की सराहना करते हुए कहा कि वे युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय परंपरा और प्राकृतिक जीवनशैली से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने आर्टकॉम संस्था के ‘हर आंगन एक पेड़, हर आंगन वाटर हार्वेस्टिंग’ अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हजारों फलदार पौधों की ऐसी वाटिकाएं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी विकसित की जानी चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के संचालक डॉ. रमेश श्रीवास्तव ने सांसद विजय बघेल का आभार व्यक्त किया, जबकि आर्टकॉम के संरक्षक करमजीत सिंह ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर प्रमोद शर्मा, उमेश चौबे, राकेश सिंह, राम जसपाल, टी.बी.एस. सहगल, सुरेश गुरुजी, आनंद पाण्डेय, डॉ. संजय अनुपम सिंह, कन्हैया सोनी, विशाल नायर, ज्योतिकांत अग्रवाल, राजेश जैन, अरुण नायर, मनोज गुप्ता, दशरथ भाई, विक्रम ठाकुर, मिथिलेश सिंह, सुधीर बंसल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं आर्टकॉम के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles