Durg Congress Protest: दुर्ग। रायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड के ग्राम नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गरीब परिवारों के मकान ढहाए जाने के विरोध में शनिवार को दुर्ग में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) और जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के संयुक्त तत्वावधान में पटेल चौक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला फूंककर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर और जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों को न्याय देने के बजाय उन्हें बेघर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नकटी गांव के जिन परिवारों के मकान तोड़े गए, वे वर्षों से वहां रह रहे थे और उन्हें बिजली, पानी, राशन, सड़क तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भूमि शासकीय थी तो प्रशासन इतने वर्षों तक मौन क्यों रहा।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर करना बेहद अमानवीय है। कांग्रेस ने मांग की कि प्रभावित परिवारों का तत्काल पुनर्वास किया जाए, उचित मुआवजा दिया जाए और वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए।
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से भटक चुकी है और गरीबों, किसानों तथा मजदूरों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नकटी की घटना केवल एक गांव का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश के गरीबों के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा है।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि नकटी में हुई कार्रवाई केवल मकानों पर नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान और जीवन पर बुलडोजर चलाने जैसी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लोगों को बेघर करना पूरी तरह असंवेदनशील कदम है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उनका कहना था कि एक ओर सरकार गरीबों के हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नकटी के प्रभावित परिवारों को जल्द न्याय, पुनर्वास और उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो कांग्रेस इस मुद्दे को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप देगी। पार्टी ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

