Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2023 से मई 2026 तक की अवधि में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 377 मामलों में कार्रवाई करते हुए 750 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 9.69 करोड़ रुपये मूल्य के विभिन्न मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
दुर्ग रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए पुलिस ने प्रभावी रणनीति अपनाई है। लगातार विशेष अभियान चलाकर तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारियों में पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान गांजा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, डोडा, अफीम, नशीली दवाइयां और अफीम के पौधे समेत करीब 9.69 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसके अलावा न्यायालय में प्रभावी पैरवी के चलते 63 नशा तस्करों को सजा भी दिलाई गई है।
हालांकि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में नशे का अवैध कारोबार पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि गांजा, अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सप्लाई चेन पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

