CG News: डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से संगठन होगा और मजबूत, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी का संबोधन

CG News: डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से संगठन होगा और मजबूत, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी का संबोधन

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्य वर्षभर निरंतर चलता है और पार्टी का हर कार्यकर्ता जनसेवा के लिए सदैव समर्पित रहता है।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में अभी लगभग ढाई वर्ष का समय शेष है, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता हर परिस्थिति के लिए हमेशा तैयार रहता है। पार्टी के कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को लेकर लगातार जनता के बीच पहुंचते हैं। भाजपा के अभियान किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं चलाए जाते, बल्कि पार्टी चुनाव हो या न हो, हर समय जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहती है।

विभा अवस्थी ने कहा कि संगठन प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रखर, दक्ष और सक्षम बनाने का कार्य करता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचकर सरकार और संगठन की योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी देते हैं तथा संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा नवाचार आधारित कार्ययोजना पर काम करती है। डिजिटलीकरण भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़कर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे तथा प्रमाणिक और अधिक सक्षम कार्यकर्ता के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।


Related Articles