Patan News: शिक्षा के नए सफर की शुरुआत, मगरघटा स्कूल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

Patan News: शिक्षा के नए सफर की शुरुआत, मगरघटा स्कूल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

Chhattisgarh Patan News: पाटन। संकुल स्त्रोत केंद्र परसदा विकासखंड पाटन के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मगरघटा में सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के अध्यक्ष दयानंद सोनकर थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कैलाश यादव, कुंजबिहारी साहू एवं परस राम साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद शासकीय प्राथमिक शाला मगरघटा की कक्षा पहली तथा पूर्व माध्यमिक शाला मगरघटा की कक्षा छठवीं में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

संस्था प्रमुख के.पी. चौबे ने स्वागत भाषण दिया। वहीं शाला परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कैलाश यादव, कुंजबिहारी साहू एवं परस राम साहू ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पालक, शिक्षक और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्य अतिथि दयानंद सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यालय बच्चों के सपनों को आकार देने का पवित्र स्थान है।” उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, कौशल आधारित शिक्षा प्राप्त करने तथा जीवन में एक अच्छा इंसान बनने का लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने नियमित विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने, बड़ों का सम्मान करने तथा गृहकार्य समय पर पूरा करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व संकुल शैक्षिक समन्वयक एवं वरिष्ठ शिक्षक ललित कुमार बिजौरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिक्षक कोमल सिंह ठाकुर ने किया।

इस अवसर पर पदमनी ध्रुव, संगीता बंजारे, कौशल्या बारले, राजबती टंडन, चित्ररेखा टंडन, द्रौपदी निषाद, देवकी धृतलहरे, रेवती बारले, रामेश्वरी साहू, शीतल यादव, गायत्री बारले, जानकी निषाद सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


Related Articles