Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा-भैंसामुंडा स्थित बनारस रोड पर बने महानदी पुल की बदहाल स्थिति लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पुल पर बने बड़े-बड़े गड्ढे लगातार हो रही बारिश के कारण पानी से भर गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार से पांच महीने पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पुल की मरम्मत कराई थी, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। पुल पर बने गहरे और खतरनाक गड्ढों की समुचित मरम्मत नहीं की गई, जिसका खामियाजा अब हजारों राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। बरसात में पानी भर जाने से गड्ढे पूरी तरह छिप जाते हैं और वाहन सीधे उनमें उतर जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब मरम्मत कार्य कराया गया था तो उसे पूरी गुणवत्ता और जिम्मेदारी के साथ क्यों नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने संबंधित इंजीनियरों और विभागीय अधिकारियों की निगरानी पर भी सवाल खड़े करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत के सरपंच, व्यापारियों और ग्रामीणों ने विभाग के प्रति गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि पुल की जर्जर हालत के कारण हर दिन लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उनका कहना है कि यदि भविष्य में कोई जनहानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से महानदी पुल की तत्काल एवं स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।

