Actor Sonu Sood reached Bhilai: भिलाई। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता और समाजसेवक सोनू सूद शनिवार को भिलाई पहुंचे। उनके आगमन पर भिलाई स्थित होटल ग्रांड ढिल्लन में भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
भिलाई प्रवास के दौरान सोनू सूद ने छत्तीसगढ़ के फिल्म प्रमोटर विकास यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों के बीच फिल्म, समाजसेवा और छत्तीसगढ़ में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान सोनू सूद ने अपने सूद चैरिटी फाउंडेशन के माध्यम से देशभर में किए जा रहे सामाजिक और जनसेवा के कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनका फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जरूरतमंद लोगों की सहायता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर सोनू सूद ने छत्तीसगढ़ की जनता से भी विशेष अपील की। उन्होंने प्रदेशवासियों से सूद चैरिटी फाउंडेशन से जुड़कर समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सकती है और सेवा के इस अभियान को और मजबूत बनाया जा सकता है।
सोनू सूद के भिलाई आगमन को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। होटल परिसर में उनसे मिलने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

