CG Crime News: कवर्धा में सरेआम दबंगई! यात्रियों से भरी बस रोककर चालक से अभद्रता, वीडियो वायरल

CG Crime News: कवर्धा में सरेआम दबंगई! यात्रियों से भरी बस रोककर चालक से अभद्रता, वीडियो वायरल

CG Crime News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है। पंडरिया-मुंगेली मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने बीच सड़क पर एक चलती पैसेंजर बस को रोककर चालक के साथ जमकर अभद्रता की। आरोपियों ने बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए बेल्ट लहराकर जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश है और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

शाम के वक्त बीच सड़क मचा हंगामा

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। मुंगेली से पंडरिया आ रही एक यात्री बस जैसे ही पंडरिया नगर के समीप हिसार पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी तीन युवकों ने बस को बीच सड़क पर रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ग्राम रेहुटा या उसके आसपास के रहने वाले हैं। बस रुकते ही युवकों ने चालक के साथ बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गई।

बेल्ट लहराकर चालक को डराया, यात्रियों में मची दहशत

वायरल वीडियो में आरोपी युवक हाथ में बेल्ट लेकर बस चालक को डराते-धमकाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बस में महिला, बच्चे, बुजुर्ग और बीमार यात्री भी सवार थे। अचानक हुए हंगामे से यात्रियों में भय का माहौल बन गया। कई यात्री बस से उतरने की हिम्मत भी नहीं जुटा सके। बीच सड़क पर बस खड़ी रहने के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को इस तरह बीच रास्ते में रोककर चालक के साथ गुंडागर्दी करना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नागरिकों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर समय रहते लगाम नहीं लगाई गई तो आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

जिले में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि कबीरधाम जिले में हाल के दिनों में सार्वजनिक स्थानों पर अभद्रता और गुंडागर्दी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले जिला मुख्यालय में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष के साथ अभद्रता का मामला भी चर्चा में रहा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जाएगी।


Related Articles