Nava Raipur Textile Park: रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। राजधानी नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक टेक्सटाइल पार्क में अब बड़े निवेश की शुरुआत हो गई है। 81 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस पार्क में पहली गारमेंट निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी, जिसके लिए 235 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इस परियोजना से शुरुआती चरण में ही 4,600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार का मानना है कि यह परियोजना प्रदेश को टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
गुरुवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने टेक्सटाइल पार्क की पहली औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क राज्य के औद्योगिक विकास का नया मॉडल बनेगा।
इस पार्क में तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड अपनी आधुनिक गारमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी। यहां बच्चों के परिधान और निट गारमेंट्स का उत्पादन किया जाएगा, जिनका निर्यात यूरोप और अमेरिका सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में होगा। इससे न केवल छत्तीसगढ़ के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी, बल्कि प्रदेश के निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी टेक्सटाइल पार्क में भूमि आवंटित की गई है। इन तीनों कंपनियों द्वारा कुल 445 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने के बाद 11 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे प्रदेश के युवाओं, विशेष रूप से महिलाओं को अपने ही राज्य में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
राज्य सरकार टेक्सटाइल पार्क में उद्योगों के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं विकसित कर रही है। यहां चौड़ी सड़कें, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, विद्युत उपकेंद्र, जलापूर्ति प्रणाली, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और व्यावसायिक परिसर जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन व्यवस्थाओं से उद्योगों को बेहतर वातावरण मिलेगा और निवेशकों का भरोसा भी मजबूत होगा।
औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत टेक्सटाइल एवं रेडीमेड गारमेंट उद्योग को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस नीति के अनुसार उद्योगों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को पांच वर्षों तक प्रति माह 6,000 रुपये तथा पुरुष कर्मचारियों को 5,000 रुपये प्रतिमाह रोजगार सहायता दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।
सरकार का कहना है कि नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और निर्यात बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में यह पार्क छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख टेक्सटाइल और गारमेंट उत्पादन केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

