CG Accident News: रायपुर-अभनपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बस में फंसा युवक का शव और बाइक, चालक फरार

CG Accident News: रायपुर-अभनपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बस में फंसा युवक का शव और बाइक, चालक फरार

CG Accident News:अभनपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार लग्जरी बस ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक और उसकी बाइक बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

धमतरी से रायपुर जा रहा था युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव कुमार बारले के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के कोड़ापार गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह किसी निजी काम से बाइक पर रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार लग्जरी बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

बस में फंस गए शव और बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उसकी बाइक और शव बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बस के नीचे से बाइक और शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

चालक मौके से फरार, पुलिस ने बस जब्त की

दुर्घटना के बाद बस चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।


Related Articles