CG Crime News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बाइक देने से इनकार करना एक परिवार को भारी पड़ गया। अर्जुनी थाना क्षेत्र के सेहराडाबरी गांव में तीन युवकों ने आधी रात एक घर में घुसकर महिला के परिवार के साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से महिला के पति और बेटी पर हमला किया, घर में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद सहमे परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बाइक मांगने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार घटना 23 जून की रात की है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि रात करीब 9 बजे गांव का रहने वाला उमेश साहू उसके घर बाइक मांगने आया था। परिवार ने बाइक देने से मना कर दिया, जिससे आरोपी नाराज होकर वहां से चला गया। हालांकि कुछ घंटे बाद वह अपने साथियों देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस के साथ दोबारा घर पहुंचा और जबरन अंदर घुस गया।
लाठी-डंडों से हमला, घर में की जमकर तोड़फोड़
आरोप है कि तीनों युवकों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर महिला के पति तथा बेटी पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। इतना ही नहीं आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सियां और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए हमले से पूरा परिवार दहशत में आ गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित परिवार अर्जुनी थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा पर पुलिस का सख्त संदेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र साहू (22 वर्ष), उमेश साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष) और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों सेहराडाबरी गांव के निवासी हैं। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों के खिलाफ हिंसा, मारपीट और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

