Durg News: दुर्ग में पंचायत सचिवों का आंदोलन का ऐलान, 7 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो 3 जुलाई को धरना, 8 से अनिश्चितकालीन हड़ताल

Durg News: दुर्ग में पंचायत सचिवों का आंदोलन का ऐलान, 7 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो 3 जुलाई को धरना, 8 से अनिश्चितकालीन हड़ताल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण नहीं होने से नाराज दुर्ग जिले के पंचायत सचिवों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश पंचायत सचिव संघ की जिला इकाई, दुर्ग ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपते हुए सात दिनों के भीतर सभी लंबित समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 3 जुलाई को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और इसके बाद 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 25 जून को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि यदि प्रशासन ने समय रहते सकारात्मक पहल नहीं की, तो जिले के सभी पंचायत सचिव एकजुट होकर पहले रैली और धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

पंचायत सचिव संघ ने अपने ज्ञापन में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस), वेतन विसंगतियों, विभिन्न भत्तों के भुगतान तथा अन्य लंबित प्रशासनिक मांगों का उल्लेख करते हुए इनके शीघ्र निराकरण की मांग की है। संघ का कहना है कि लंबे समय से इन मुद्दों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे पंचायत सचिवों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।

संघ ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पंचायत सचिवों के हितों से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

पंचायत सचिवों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 3 जुलाई को जिला मुख्यालय में शक्ति प्रदर्शन के साथ एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसके बाद 8 जुलाई से जिले के सभी पंचायत सचिव अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे पंचायतों में प्रशासनिक और विकास संबंधी कार्य प्रभावित होने की संभावना है।


Related Articles